बेगूं। नगर में सोमवार से पांच दिवसीय गणगौर महोत्सव की शुरुआत हो गई। भाटों का मोहल्ला स्थित चारभुजा मंदिर से गणगौर और ईसरजी की भव्य सवारी निकाली गई। इस दौरान बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य कर उत्सव का उल्लास बढ़ाया।
नगर पालिका द्वारा आयोजित इस महोत्सव में गणगौर-ईसरजी की सजी-धजी प्रतिमाओं को रथ में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। महिलाएं चंवर डुलाकर आराधना में लीन रहीं। नेहरू पार्क में नगर पालिका अध्यक्ष रंजना शर्मा की अध्यक्षता में सामूहिक और एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर पार्षद राम कन्या गुर्जी, नीरु पटवा सहित अनेक गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं।
रविवार को महोत्सव के अंतर्गत महिलाओं के लिए रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला से गणगौर महोत्सव की थीम को जीवंत कर दिया।
मंगलवार 1 अप्रैल को गणगौर-ईसरजी की सवारी निकाली जाएगी। जिसमें सास-बहू, मां-बेटी और देवरानी-जेठानी नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। बुधवार 2 अप्रैल को मिस गणगौर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की प्रतिभा देखने को मिलेगी। गुरुवार 3 अप्रैल को चारभुजा ठाकुरजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी और राधाकृष्ण की झांकी के साथ फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा।