बेगूं तहसील की ग्राम पंचायत जयनगर के सोनगर खेड़ा गांव में नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया। बिना लाइसेंस अफीम की खेती की जा रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब साढ़े 4 आरी जमीन पर अवैध रूप से अफीम की फसल उगाई जा रही थी। इस फसल को छिपाने के लिए चारों ओर कपड़े की मेटी लगाई गई थी और नेपियर घास की आड़ में बो रखी थी। जिससे यह दूर से सामान्य खेत जैसा लगे।
बिना लाइसेंस अफीम फसल बुवाई और अफीम दूध इकठ्ठा करने के आरोपी सोनगर निवासी रुपलाल पुत्र देवी लाल जटिया को गिरफ्तार किया। साथ ही अफीम डोडो से इकठ्ठा किया दूध भी बरामद किया। कार्रवाई के दौरान नारकोटिक्स विभाग और प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और अवैध अफीम की फसल को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बिना लाइसेंस अफीम की खेती करना पूरी तरह गैर कानूनी है, और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।